कोरोनावायरस / ईरान में 26 की मौत; जापानी शिप पर फंसे 119 और चीन के वुहान से 76 भारतीय दिल्ली लाए गए

ईरान में कोरोनावायरस से 26 लोगों की मौत हो चुकी है और 245 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।उधर, जापान के योकोहामा तट पर रोके गए जहाज पर फंसे 119 भारतीयों और पांच विदेशी नागरिकों को गुरुवार को दिल्ली लाया गया। साथ ही, चीन के वुहान शहर गया भारतीय वायुसेना का विमान भी लौट आया है। इसमें 76 भारतीय और 36 विदेशी नागरिक लाए गए हैं। दोनों विमानों से लाए गए भारतीयों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद आईटीबीपी के छावला स्थित ऑब्जर्वेशन सेंटर में रखा जाएगा। 


जापान से लाए गए पांच विदेशियों में श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू के नागरिक शामिल हैं। भारत सरकार ने लोगों को वहां से निकालने में मदद करने के लिए जापान सरकार का धन्यवाद किया है। 3 फरवरी से ही डायमंड प्रिंसेस शिप को जापान के योकोहामा पोर्ट पर रोका गया था। इसमें 138 भारतीय फंसे हुए थे, जिसमें 16 कोरोनावायरस से संक्रमित हैं।





 




वुहान से लाए गए लोगों को ऑब्जर्वेशन सेंटर में रखा जाएगा


वायुसेना का विशेष विमान सी-17 ग्लोबमास्टर चीन से गुरुवार को सुबह 6.45 बजे दिल्ली पहुंचा। इससे लौटे 112 लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद आईटीबीपी के छावला स्थित ऑब्जर्वेशन सेंटर में रखा जाएगा। वुहान से लौटे 36 विदेशी नागरिकों में बांग्लादेश, म्यांमार, मालदीव, चीन, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और मेडागास्कर के नागरिक हैं।




 



15 टन चिकित्सा उपकरण चीन भेजा गया था


बुधवार को हिंडन एयरबेस से सेना का विमान वुहान के लिए उड़ान भरा था। विमान में 15 टन चिकित्सा उपकरण भेजा गया। इसमें मास्क, ग्लव्स और अन्य इमरजेंसी चिकित्सा उपकरण थे। विमान 20 फरवरी को ही चीन जाने वाला था, लेकिन क्लीयरेंस नहीं मिल पाई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने 25 फरवरी को इस विमान के लिए चीन की मंजूरी मिलने की जानकारी दी थी।


बुधवार को चीन में 443 नए मामले सामने आए


चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि कोरोनावायरस के मामलों में दिन पर दिन कमी आ रही है। बुधवार को देश में केवल 433 नए मामले सामने आए। जबकि 29 लोगों की मौत दर्ज की गई। हुबेई प्रांत में ही 26 लोगों की जान गई है। चीन में अब तक संक्रमण के 78,487 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। जबकि 2744 लोगों की मौत हो चुकी है।


जापान में 2 मार्च से देशभर में स्कूल बंद


जापान के प्रधानमंत्री शिंजे आबो ने गुरुवार को कोरोनावायरस के बढ़ते मामले को देखते हुए 2 मार्च से कुछ हफ्तों तक देशभर में स्कूल बंद करने की घोषणा की है। हुत सारे एलिमेंट्री और जूनियर हाई स्कूलों को गुरुवार को ही बंद कर दिया गया। जापान में अब तक 189 मामले सामने आए हैं, जबकि जापान में तीन और डायमंड प्रिंसेज शिप पर चार नागरिकों की मौत हो गई है।


द. कोरिया में अब तक 1766 मामलों की पुष्टि


दक्षिण कोरिया में एक दिन में संक्रमण के 505 नए मामले सामने आए हैं। बुधवार को एक अमेरिकी सैनिक के भी संक्रमित होने का मामला सामने आया था। देश में अब तक 1766 मामलों की पुष्टि हुई है और 13 लोग मारे जा चुके हैं। वहीं, पाकिस्तान, जॉर्जिया, नॉर्वे, मैसीडोनिया, ग्रीस और रोमानिया में कोरोनोवायरस के पहले मामले की पुष्टि हुई। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बुधवार को कहा था कि चीन की तुलना में अन्य देशों में ही कोरोनावायरस के मामले बढ़ रहे हैं।



Popular posts
सियासी घमासान / बेंगलुरु में बागियों से मिलने गए जीतू पटवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया, छूटने पर बोले- क्या दोस्तों से मिलना गुनाह है?
सियासत / सिंधिया के खिलाफ जमीन से जुड़े दो मामलों की जांच ईओडब्ल्यू ने शुरू की, दोनों मामले सबूत के अभाव में हुए थे खत्म
सागर / कोचिंग जा रहे दो छात्रों को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर; गुस्साए लोगों ने कार को लगाई आग
भोपाल में सिंधिया शो / ज्योतिरादित्य बोले- प्रदेश में दो ही नेता कार में एसी नहीं चलाते, एक शिवराज-दूसरा मैं; हम एक और एक दो नहीं, ग्यारह हैं