कार्यक्रम / कितने नौजवानों को रोजगार दिया, हर साल हिसाब दूंगा: कमलनाथ

मुख्यमंत्री कमलनाथ रविवार को संत रविदास महाराज जयंती समारोह में सागर आए। यहां उन्होंने कहा कि मेरी सरकार ने कितने युवाओं को रोजगार दिया। कितने किसानों का कर्जा माफ हुआ, इसका मैं हर साल हिसाब दूंगा। यह बात उन्होंने भाजपा द्वारा लगाए गए बेरोजगारी, किसान कर्जमाफी व प्रदेश के विकास की रफ्तार पर उठाए सवालों के जवाब में कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कौन से युद्ध के हालात आ गए थे जो नागरिकता संशोधन कानून ले आए। मोदी सरकार नौजवान को रोजगार देने की चिंता को छोड़ पाकिस्तान की बात कर रही है। मुंह चलाने और देश चलाने में अंतर होता है। मोदीजी कहते थे कि दो करोड़ नौकरियां दूंगा लेकिन हकीकत क्या है, यह सबको पता है। उन्हीं के राज में सबसे ज्यादा बेरोजगारी और किसानों की आत्महत्या के मामले सामने आए।



उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य का खजाना खाली कर दिया। लेकिन मैं, प्रदेश की प्रोफाइल बदलना चाहता हूं, इसका सीधा लाभ निवेश के रूप में होगा। आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नए कलेक्टोरेट भवन, स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर समेत करीब 3 हजार करोड़ रुपए के कामों का उद्घाटन, लोकार्पण व शिलान्यास किया। 


सागर के पीटीसी मैदान पर संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जाग्रति सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नागरिकता संशोधन कानून की बात करके किसानों और नौजवानों का ध्यान मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। मोदी ने दो करोड़ लोगों को रोजगार दिलाने और खेती के लिए लाभ का धंधा बनाने की बात कही थी लेकिन अब वे सीएए की बात करके किसानों और नौजवानों का ध्यान मोड़ने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में किसानों द्वारा आत्महत्या करने के प्रकरण तथा बेरोजगारी बढ़ी है। देश उनकी कलाकारी को पहचान चुका है। बात कहने और देश चलाने में बड़ा अंतर होता है।


कमलनाथ ने कहा कि नीति और नीयत का परिचय देकर कांग्रेस ने शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि चौदह माह पहले प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। सरकार की तिजौरी खाली थी। किसानों का आत्महत्या, बेरोजगारी और महिला अत्याचार के मामले में प्रदेश नंबर वन पर था। कांग्रेस सरकार को काम करने के लिए 11 माह मिले। उन्हाेंने कहा कि विपक्ष के लोग कहते थे कि कांग्रेस सरकार कैसे चलायेगी। कांग्रेस सरकार जनता से किए गए अपने सभी वादों को पूरा करेगी।
 
उन्होंने कहा कि सागर प्रेम, संस्कृति, मूल्यों की नगरी है। हम आपको निराश नहीं होने देंगे। कांग्रेस सरकार काम में विश्वास करती है। सरकार हर साल प्रदेश का हिसाब जनता को देगी, जिसमें खेती किसानी, रोजगार, पट्टामाफ का हिसाब रहेगा। कृषि क्षेत्र में पहले खेती में कम उपज चुनौती थी, अब अधिक उत्पादन चुनौती है। किसान को उपज का सही दाम मिलेगा। नौजवानों के भविष्य का निर्माण करेंगे। नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रहेगा, तो आर्थिक गतिविधि बनेगी और निवेश भी आयेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास का नया इतिहास बनायेंगे।


सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के मंत्री लखन घनघोरिया ने कहा कि संत रविदास ने धार्मिक आध्यात्मिक सामाजिकता का संदेश दिया है। केंद्र सरकार द्वारा बनाए जा रहे माहौल से सतर्क रहने की जरूरत है। आरक्षण पर भी चोट पहुंचाने की कोशिश की जा सकती हैं। उन्होंने सागर में रविदास भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रूपये देने की बात कही। प्रभारी मंत्री ब्रजेंद्र सिंह राठोर मंत्री हर्ष यादव, गोविंद सिंह राजपूत ने भी सम्मेलन को संबोधित किया और सागर में उद्योग, बायपास, फ्लाई ओव्हर, खाद्य प्रस्करण की यूनिट लगाये जाने की मांग रखी।



Popular posts
हांगकांग / अर्थव्यवस्था को मंदी से उबारने के लिए 70 लाख नागरिकों को 92 हजार रुपए नकद देगी सरकार
एमपी / स्पीकर ने 22 विधायकों को जारी किया नोटिस; शुक्रवार को छह, शनिवार को सात और बाकी विधायकों को रविवार को बुलाया
मध्य प्रदेश / दिग्विजय ने राज्यसभा के लिए नामांकन भरा, कहा- ये विचारधारा की लड़ाई, सिंधिया ने इसमें गोडसे को चुना
सियासी घमासान / बेंगलुरु में बागियों से मिलने गए जीतू पटवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया, छूटने पर बोले- क्या दोस्तों से मिलना गुनाह है?
पीजी हादसा / 6 महीने पहले फ्रेंच क्लासिस में दाखिला दिलाया तो विधवा मां से आखिरी बार मिली थी रिया, अब 27 मार्च को जाना था मिलने